
गिरिडीह। निमियाघाट थाना क्षेत्र के बालुटुंडा गांव निवासी 21 वर्षीय सचिन गोप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने पीड़ित परिवार की सहायता के लिए पहल करते हुए अपने निजी वेतन से ₹25,000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन गोप हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनकी छाती और फेफड़ों पर गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी श्वासनली क्षतिग्रस्त होने के कारण फेफड़ा प्रभावित हुआ है और फिलहाल वे बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के सांस लेने में असमर्थ हैं। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया गया कि सचिन अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण इलाज का खर्च उठाना उनके लिए कठिन हो गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद जयराम कुमार महतो ने अपने विधायक प्रतिनिधि अजय महतो के माध्यम से परिजनों को बुलाकर ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।

विधायक ने कहा कि जरूरत की हर घड़ी में वे पीड़ितों और जरूरतमंदों के साथ खड़े रहेंगे तथा मानवीय संवेदनाओं के साथ हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पीड़ित परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके साथ ही विधायक ने अपने प्रतिनिधि अजय महतो को निर्देश दिया कि वे दुर्घटना से संबंधित वाहन मालिक से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं इलाज का खर्च दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग करें तथा संबंधित प्रक्रिया में परिवार की सहायता करें।

इस बीच सचिन गोप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी उनके बेहतर इलाज और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। क्षेत्रवासियों ने इस कठिन समय में पीड़ित परिवार की सहायता के लिए आगे आने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
