
मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, आदरणीय योगेंद्र प्रसाद रांची स्थित बी०एन०आर० चाणक्य में झारखण्ड अभियंता सेवा संघ द्वारा आयोजित अभियंता दिवस समारोह–2026 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में झारखण्ड अभियंता सेवा संघ द्वारा मंत्री का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं नन्हा पौधा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी की 165वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान पुस्तक का विमोचन किया गया तथा प्रदर्शनी में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि अभियंता किसी भी राज्य के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तकनीकी दक्षता के साथ नवाचार, गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक का उपयोग कर विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में जल, स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और टिकाऊपन पर विशेष ध्यान आवश्यक है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अभियंताओं को अपनी तकनीकी क्षमता और अनुभव का उपयोग राज्यहित एवं जनहित में करना चाहिए।

मंत्री ने सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. विश्वेश्वरैया जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, नवाचार और जनसेवा की भावना के साथ झारखंड के विकास में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी उपस्थित रहीं।

समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता प्रमुख, ग्रामीण विकास विभाग के अभियंता प्रमुख, भवन निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख, सहित झारखण्ड अभियंता सेवा संघ के पदाधिकारी, अभियंता एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।