सोशल मीडिया पर हुई लव, नशा और ब्लैकमेल, धनबाद में हनीट्रैप गैंग का खेल, महिला गिरफ्तार . . . .

धनबाद : धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला नेत्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि सरायढेला निवासी व्यवसायी रवि अग्रवाल को सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाकर उससे लाखों रुपये की ठगी की गई।

पीड़ित के अनुसार, 28 अप्रैल को सोशल मीडिया पर हुई पहचान के बाद महिला ने उसे मिलने के लिए बुलाया और बहाने से लोयाबाद स्थित अपने घर ले गई। वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया और एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में वीडियो बना लिया गया।

इसके बाद गैंग के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की मांग की। दबाव में आकर पीड़ित से करीब 4 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। साथ ही उसके बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर पैसे निकाले गए और सोने की चेन व अंगूठी भी लूट ली गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस गिरोह में कई युवक-युवतियां शामिल हैं, जो इसी तरह लोगों को निशाना बनाते हैं। मामले में महिला के पति पिंटू कुमार सहित अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है।

झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला नेत्री को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे गिरोह की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला पहले भी इसी तरह के मामलों में जेल जा चुकी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN