सीमित संसाधनों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा अग्निशमन केंद्र बोकारो . . . .

लगातार भीषण अग्निकांडों में दमकल कर्मियों ने दिखाई बहादुरी, करोड़ों की संपत्ति व अनगिनत जिंदगियां बचाईं

बोकारो अग्निशमन केंद्र के अंतर्गत घटित विभिन्न अग्निकांडों में दमकल कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा एवं साहस ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित बल एवं संसाधनों के बावजूद भी बड़े से बड़े संकट पर काबू पाया जा सकता है।

अग्निशमन केंद्र बोकारो के अधिकारी एवं कर्मियों ने कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना आग पर नियंत्रण पाया और जन-धन की व्यापक क्षति को टालने में सफलता हासिल की।

गोदावरी कोयला डिपो अग्निकांड : 30 दिनों तक लगातार संघर्ष

दिनांक 06.10.2025 को बोकारो रेलवे स्टेशन के समीप स्थित गोदावरी कोयला डिपो में भीषण आग लग गई। कोयले से उठते जहरीले धुएं एवं धूल के बीच दमकल कर्मी लगातार 30 दिनों तक मौके पर डटे रहे और आग को पूर्ण रूप से नियंत्रित किया। इस सतत प्रयास से आसपास के गांवों को प्रदूषण से बचाया गया तथा सरकार को करोड़ों रुपये के संभावित राजस्व नुकसान से भी बचाया गया।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन चालक श्री महमूद अंसारी को अत्यधिक श्रम एवं तनाव के कारण दिल का दौरा पड़ने जैसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा, जिनका इलाज वर्तमान में भी जारी है।

दुंडीबाग बाजार अग्निकांड : भीड़ के विरोध के बावजूद सफलता

दिनांक 04.10.2025 को दुंडीबाग बाजार स्थित कुल सात दुकानों में भीषण आग लग गई। अनियंत्रित भीड़ एवं आम नागरिकों के प्रतिरोध जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद दमकल कर्मियों ने साहस व सूझबूझ से आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जो दमकल विभाग की तत्परता का प्रमाण है।

सेक्टर-4 पाली प्लाजा रोड अग्निकांड : रसायनों के विस्फोट के बीच बहादुरी

दिनांक 18.11.2025 को सेक्टर-4 पाली प्लाजा रोड स्थित आठ दुकानों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। दुकानों में मौजूद पेंट, स्प्रे पेंट, थिनर एवं अन्य ज्वलनशील रसायनों के फटने से आग अत्यंत भयावह हो गई थी। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए न केवल दुकानों की आग बुझाई बल्कि घने बाजार क्षेत्र में आग के फैलाव को पूरी तरह रोक दिया। इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

वीरता का परिचय देने वाले अधिकारी एवं कर्मी

इन सभी अग्निकांडों में बोकारो अग्निशमन केंद्र के निम्नलिखित अधिकारी एवं कर्मियों ने वीरता एवं साहस का परिचय दिया:-

  • श्री भगवान ओझा – फायर स्टेशन अधिकारी
  • श्री शिवनारायण लोहरा – उप-अधिकारी
  • श्री एटवा ओराओन – मुख्य अग्निशमन चालक
  • श्री राजा राम महतो – मुख्य अग्निशमन चालक
  • श्री रघुवेंद्र कुमार सिंह – मुख्य अग्निशमन चालक
  • श्री संजीत किस्कू – मुख्य अग्निशमन चालक
  • श्री महमूद अंसारी – मुख्य अग्निशमन चालक
  • श्री प्रदीप केरकेट्टा – फायर ड्राइवर
  • श्री मो. कादर प्रसाद – फायर ड्राइवर
  • श्री बबलू यादव – फायर ड्राइवर

बोकारो अग्निशमन सेवा : साहस, सेवा और समर्पण का प्रतीक

बोकारो अग्निशमन केंद्र के अधिकारी एवं कर्मी न केवल आग बुझाने का कार्य करते हैं, बल्कि जनसुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके साहसिक प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

=============================
सड़क नियम जीवन रक्षक हैं, इन्हें अपनाएं – सुरक्षित घर जाएं।

तेज नहीं, सुरक्षित चलें – परिवार आपका इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN