बोकारो में विद्यालय, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम 2026 के तहत जिला स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित…

सभी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई- उपायुक्त, बोकारो…

आगे भी बेहतर कार्य करने की अपील की – उपायुक्त, बोकारो…

विद्यालय, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय सम्मान समारोह का भव्य आयोजन कैंप- 2 मोड़ स्थित शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार शामिल हुई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुई। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम से संबंधित कर्मियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि विद्यालय, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इनके प्रयास से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और शिक्षा का स्तर भी बेहतर हो रहा है। उन्होंने सभी सम्मानित सदस्यों को शुभकामनाएं दिए तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी किए।

मौके पर उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अतुल चौबे, जिला आरसीएच पदाधिकारी श्रीमती सेलिना टुडू सहित अन्य उपस्थित थे।

आगे भी बेहतर कार्य करने की अपील की-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने कहा कि विद्यालय, स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के बेहतर समन्वय से ही जिले का सतत विकास संभव है। उपायुक्त ने आगे कहा कि उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के नेतृत्व में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस विषय पर पुनः अगले महीने एक विशेष बैठक आयोजित करें, ताकि कार्यक्रम की विशेष चर्चा की जा सके। उन्होंने कहा कि इस समीक्षा के माध्यम से यह स्पष्ट किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है और किन पहलुओं को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों, समर्पण और बोकारो जिले की उपलब्धियों को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने सभी से इसी प्रकार आगे भी बेहतर कार्य करने की अपील की।

आपसी समन्वय के साथ कार्य करें –

उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से न केवल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया ताकि कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंच सके।

समारोह में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN