नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 – 17 मार्च को होगा शपथ ग्रहण एवं उपमहापौर/उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष निर्वाचन . . . .

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) ने प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर निर्वाची पदाधिकारी – सहायक निवार्ची पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिया जरूरी दिशआ – निर्देश

शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत आगामी 17 मार्च 2026 को प्रस्तावित महापौर (मेयर) एवं अध्यक्ष के शपथ ग्रहण तथा उपमहापौर एवं उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष निर्वाचन को लेकर संबंधित निर्वाची पदाधिकारी – सहायक निवार्ची पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं विधि-सम्मत तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा – निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।

09 मार्च को निर्गत होगी बैठक की सूचना

निर्देशानुसार 09 मार्च 2026 को जिला दण्डाधिकारी/निर्वाची पदाधिकारी द्वारा बैठक की सूचना निर्गत की जाएगी। इसके तहत 17 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद में बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक का आयोजन निम्नलिखित स्थानों पर किया जाएगाः-

  • चास नगर निगम (वर्ग-ख) : चास नगर निगम कार्यालय सभागार, चास
  • फुसरो नगर परिषद (वर्ग-ख) : फुसरो नगर परिषद कार्यालय सभागार, फुसरो

महापौर/अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का होगा शपथ ग्रहणः-

बैठक के दौरान सर्वप्रथम निर्वाचित महापौर एवं अध्यक्ष का शपथ ग्रहण कराया जाएगा, इसके पश्चात वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी।
चास नगर निगम में शपथ ग्रहण प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग द्वारा कराया जाएगा। वहीं, फुसरो नगर परिषद में शपथ ग्रहण उपायुक्त, बोकारो द्वारा कराया जाएगा। शपथ ग्रहण का समय पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है।

उपमहापौर एवं उपाध्यक्ष का होगा अप्रत्यक्ष निर्वाचन

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात उपमहापौर (चास नगर निगम) एवं उपाध्यक्ष (फुसरो नगर परिषद) पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।

निर्वाचन की प्रक्रिया निम्न समय-सारिणी के अनुसार संपन्न होगीः-

  • नाम निर्देशन पत्र दाखिल – पूर्वाह्न 11:30 बजे से 11:45 बजे तक
  • नामांकन पत्रों की संवीक्षा – 11:45 बजे से 12:00 बजे तक
  • वैध अभ्यर्थियों की सूची तैयार – 12:00 बजे से 12:15 बजे तक
  • अभ्यर्थिता से नाम वापसी – 12:15 बजे से 12:30 बजे तक
  • मतपत्र की तैयारी – 12:30 बजे से 12:45 बजे तक
  • मतदान – 12:45 बजे से 01:15 बजे तक
  • मतगणना – 01:15 बजे से 01:45 बजे तक
  • परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण – 01:45 बजे से 02:00 बजे तक

मतपत्र एवं वैध मतों को लेकर एसओपी तैयार करने का दिया निर्देश

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीपीआरओ मो. सफीक आलम को निर्देश दिया कि उपमहापौर एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर मतपत्र की तैयारी, वैध मतों की गणना तथा मतदान की प्रक्रिया के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

समान मत मिलने पर लॉटरी से होगा निर्णय

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी को समान मत (टाई) प्राप्त होते हैं, तो नियमानुसार लॉटरी (ड्रा ऑफ लॉट्स) के माध्यम से विजेता का निर्णय किया जाएगा।
निर्वाचित उपमहापौर/उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के पश्चात उपमहापौर एवं उपाध्यक्ष का शपथ ग्रहण अपराह्न 2:10 बजे कराया जाएगा। चास नगर निगम में नव निर्वाचित उपमहापौर को महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, फुसरो नगर परिषद में उपाध्यक्ष को अध्यक्ष द्वारा शपथ दिलाई जाएगी।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं तथा पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराएं।

बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता (एसी) मो. मुमताज अंसारी, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ,जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डीएसडब्ल्यूओ डा. सुमन गुप्ता,बीडीओ चास डा. प्रदीप कुमार, बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, डीपीओ यूआइडी शैलेंद्र मिश्रा, एडीआइओ आदि उपस्थित थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

hi_INHI