
- बोकारो स्टील सिटी की उद्यमी, गृहिणी व होटल व्यवसायी है स्नेहा गुप्ता
- उपायुक्त अजय नाथ झा से की मुलाकात, डीसी ने दी बधाई
- महिलाओं व स्वयं सहायता समूह की दीदियों को प्रेरित करने का दिया सुझाव
- एमवी प्रोडक्शन की ओर से आयोजित प्रतिष्ठित मिसेज इंडिया एशिया 2026 प्रतियोगिता का आयोजन पिछले दिनों द क्रूज़, जमशेदपुर में किया गया. राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में बोकारो स्टील सिटी की प्रतिभाशाली उद्यमी, गृहिणी व होटल व्यवसायी स्नेहा गुप्ता ने द्वितीय उप विजेता का प्रतिष्ठित खिताब जीता.

स्नेहा गुप्ता ने गोपनीय शाखा कार्यालय कक्ष में डीसी अजय नाथ झा से मुलाकात की. डीसी ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दीं. डीसी ने कहा : स्नेहा गुप्ता जिले के विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूह की दीदियों व महिलाओं को जागरूक व प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें.

प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में कुल 12 चुनौतीपूर्ण चरण आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभा प्रदर्शन चरण, राष्ट्रीय परिधान चरण, साक्षात्कार चरण, सामान्य ज्ञान चरण, खेल चरण, प्रश्नोत्तर चरण, मंच संचालन चरण एवं भव्य समापन चरण सहित कई व्यक्तित्व एवं प्रदर्शन आधारित चरण शामिल थे.

प्रत्येक चरण में स्नेहा गुप्ता ने आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता, सौम्यता वं प्रभावशाली मंच प्रस्तुति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. इससे पहले, स्नेहा गुप्ता को मिसेज इंटेलिजेंट, मिसेज एक्टिव, मिसेज बेस्ट कॉस्ट्यूम व मिसेज चार्मिंग जैसी विशेष उपाधियां भी प्रदान की गई है.