हवाई फायरिंग कर अपहरण की कोशिश करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार . . . .

बोकारो पुलिस ने जरीडीह थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग और अपहरण के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मेडिकल स्टोर के पास हुई थी वारदात

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 20 मई 2026 को टॉड बालीडीह स्थित गायत्री नगर में नित्यानंद मेडिकल स्टोर के समीप तीन अपराधियों ने अमित कुमार पाण्डेय के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इस दौरान अपराधियों ने अवैध देशी पिस्तौल से हवाई फायरिंग करते हुए अपहरण का प्रयास भी किया था। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे।

एसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जरीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिथिलेश पाण्डेय उर्फ किशोर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गायत्री नगर, जरीडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ जरीडीह, पेटरवार और बालीडीह थानों में मारपीट, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

छापेमारी दल में जरीडीह थाना प्रभारी बिपिन चन्द्र महतो, दशरथ कुमार दास, जितेंद्र कुमार यादव, आनंद ठाकुर, रामेश्वर महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

hi_INHI