झारनेट स्थित सभागार में रामनवमी – ईद पर्व को लेकर हुई बैठक . . . .

सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

गुरुवार को झारनेट स्थित सभागार में आगामी रामनवमी एवं ईद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल श्री सुनील भास्कर, पुलिस उप महानिरीक्षक कोयला प्रक्षेत्र श्री आनंद प्रकाश, उपायुक्त श्री अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास सुश्री प्रांजल ढ़ांडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार आदि ने हिस्सा लिया।

सतर्कता एवं समन्वय पर दिया जोर

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल ने विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

वहीं, बैठक में उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ सभी पर्व मनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी समाज के प्रमुख लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।

शोभा यात्रा की वीडियोग्राफी अनिवार्य

रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली सभी अखाड़ा समितियों को निर्देश दिया कि वे अपनी शोभा यात्रा की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में साक्ष्य उपलब्ध रहेगा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

भड़काऊ गीतों पर रोक, धार्मिक गीतों का ही करें उपयोग

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शोभा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गीतों का प्रयोग नहीं किया जाए। केवल भजन-कीर्तन जैसे धार्मिक गीतों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

अंत में उपायुक्त ने पुनः सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

hi_INHI