जदयू प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन . . . .

जदयू प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन,

जल संकट व विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की मांग

बोकारो। बोकारो जिला जनता दल यूनाइटेड के जिला अध्यक्ष प्रदीप महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष राजा पांडेय, नव युवक कला मंच के सचिव महादेव महतो, जिला कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण सिंह एवं चंडी कुमार प्रजापति शामिल थे। इस दौरान उपायुक्त को बुके देकर सम्मानित भी किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने गोमिया प्रखंड अंतर्गत पचमो पंचायत में व्याप्त गंभीर जल समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। साथ ही बोकारो इस्पात संयंत्र क्षेत्र के कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं विस्थापित परिवारों से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया कि बोकारो इस्पात संयंत्र प्रबंधन द्वारा सेवानिवृत्त कर्मियों को आवंटित आवासों के साथ बने आउट हाउस को तोड़ने के बाद ही पुनः आवंटन करने का निर्णय लिया गया है, जो कर्मियों के लिए अत्यंत कष्टदायक एवं अन्यायपूर्ण है। प्रतिनिधिमंडल ने इस आदेश पर मानवीय आधार पर पुनर्विचार कर राहत देने की मांग की।
इसके अलावा उत्तरी क्षेत्र के 19 गांवों के विस्थापितों की सरप्लस भूमि अब तक प्रबंधन के अधीन लंबित रहने पर चिंता जताई गई। प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापित परिवारों को उनकी भूमि वापस करने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अपरेंटिस कर चुके विस्थापित युवाओं को जल्द रोजगार से जोड़ने, कर्मचारियों के मानसिक एवं स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए प्लांट के अंदर और बाहर कार्यरत कर्मियों का स्थानांतरण करने तथा बोकारो हवाई अड्डा का नाम झारखंड के पुरोधा बिनोद बिहारी महतो के नाम पर करने की भी मांग की गई। साथ ही हवाई अड्डा परिसर में बिनोद बिहारी महतो की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई गई।


प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कर्मचारियों, विस्थापितों एवं आमजन से जुड़े रोजगार, आवास, मूलभूत सुविधाओं एवं सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों के समाधान हेतु प्रशासन और प्रबंधन स्तर पर विशेष पहल की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN