दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र डूबे . . . .

दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र डूबे

एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी; बरवाघाट में पसरा मातम

दामोदर नदी में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बरवाघाट में नहाने गए तीन छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए, जिसमें दो छात्र डूब गए। इनमें से एक छात्र विष्णु का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र सन्नी की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद नदी घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीणों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र — सन्नी, विष्णु और रवि — मंगलवार सुबह स्कूटी से बरवाघाट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों Mid Point Public School के छात्र हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक तीनों छात्र घर से ट्यूशन पढ़ने की बात कहकर निकले थे, लेकिन बाद में वे दामोदर नदी में नहाने चले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी में नहाने के दौरान अचानक तीनों छात्रों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी की ओर बहने लगे। किसी तरह पास में मौजूद एक व्यक्ति ने रवि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि विष्णु और सन्नी पानी में डूब गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

घटना से सदमे में आए रवि ने बताया, “हम लोग नदी में नहा रहे थे और शैंपू लगाए थे। तभी अचानक पैर स्लिप कर गया। एक आदमी ने मुझे बाहर निकाल लिया। बाद में दोनों को तलाश किया गया। विष्णु को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सन्नी का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।”

घटना की सूचना मिलते ही हरला थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विष्णु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि सन्नी की तलाश के लिए लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN