बोकारो-रांची: प्रश्नपत्रों की कमी से #JET-2024 परीक्षा रद्द परीक्षार्थियों का हंगामा . . . .


बोकारो-रांची के दो केंद्रों पर JPSC ने तत्काल प्रभाव से रोकी परीक्षा, नई तिथि जल्द

बोकारो/रांची।। 26 अप्रैल 2026 को आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा JET-2024 में बड़ी अव्यवस्था सामने आई है। JPSC ने बोकारो और रांची के दो परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की कमी और अव्यवस्था के कारण तत्काल प्रभाव से परीक्षा रद्द कर दी है। इस फैसले से परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बोकारो में लगभग 700 अभ्यर्थी प्रभावित

बोकारो के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों के पैकेट में कमी और स्पष्ट न होने के कारण परीक्षा शुरू ही नहीं हो पाई। बायोमैट्रिक अटेंडेंस तक नहीं हो सकी। इस केंद्र पर लगभग 700 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे।

रांची में भी हंगामा
रांची के जिला स्कूल परीक्षा केंद्र पर भी यही स्थिति रही। प्रश्नपत्र कम पड़ने और अव्यवस्था के कारण अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया और जबरदस्त हंगामा किया। झारखंड और बिहार से पहुंचे परीक्षार्थियों ने JPSC मुर्दाबाद के नारे लगाए।

JPSC का बयान

स्थिति को देखते हुए JPSC ने बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल और रांची के जिला स्कूल के परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने कहा कि इन केंद्रों पर परीक्षा की नई तिथि जल्द ही JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित की जाएगी।

अभ्यर्थी परेशान

दूर-दराज से पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि महीनों की मेहनत बेकार हो गई। परीक्षा रद्द होने से उनका समय और पैसा दोनों #बर्बाद हुआ। अभ्यर्थियों ने पूरी परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग की है।

फिलहाल, प्रशासन ने छात्रों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि जल्द नई तिथि #घोषित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN