डीसी ने चास के चाकुलिया पंचायत के विभिन्न मनरेगा योजनाओं का किया निरीक्षण . . . .

पंचायत सचिव को ग्रामीणों को आमबागवानी – सब्जी की खेती के लिए प्रोत्साहित करने, महिला समूह के गठन का दिया निर्देश

डीसी ने लाभुक प्रतिमा देवी – केरावती देवी – जिगनी वाला देवी के निर्माणाधीन अबुआ आवास, लाभुक लालदेव सिंह के बिरसा सिंचाई कूप, लाभुक घनश्याम सिंह चौधरी – संजय कुमार महथा की एक एकड़ की आमबागवानी एवं लाभुक निरूपदा देवी के गाय पालन शेड का जायजा लिया

उन्होंने सभी योजनाओं के लाभुकों के साथ संवाद किया और लंबित योजनाओं को पूर्ण करने का जरूरी दिशा – निर्देश, पंचायत सचिव – मुखिया एवं बीडीओ को निगरानी की बात कहीं

चास प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी किया औचक निरीक्षण, शौचालय एवं परिसर की साफ – सफाई का दिया निर्देश, कार्यालय के कर्मियों से किया संवाद – जनसेवक अवनी दास ने डीसी के स्केच की तस्वीर भेंट किया

शनिवार को उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने चास प्रखंड अंतर्गत चाकुलिया पंचायत का दौरा कर मनरेगा सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखा और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चास श्री प्रदीप कुमार, मनरेगा के नोडल पदाधिकारी श्री पंकज दूबे, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी श्री मानिकचंद प्रजापति, पंचायत के मुखिया, उप मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, बीपीओ, पंचायत सचिव आदि उपस्थित थे।

पंचायत कार्यालय में अभिलेखों की जांच, वित्तीय अनुशासन पर बल

निरीक्षण के क्रम में डीसी ने पंचायत कार्यालय पहुंचकर कैश पंजी, योजना रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

प्रतिनिधियों के साथ किया संवाद, समस्याओं की ली जानकारी

डीसी ने पंचायत सचिवालय में उपस्थित मुखिया, उप मुखिया, पंचायत समिति सदस्यों एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायत की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों की प्रगति एवं ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा की। इस क्रम में ग्रामीणों ने कदुआगोडा स्थित टोला में पेयजल समस्या, उप स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की समस्या की बात रखी। जिस पर उन्होंने तत्काल बीडीओ को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही विकास कार्यों में तेजी लाई जा सकती है।

महिला सशक्तिकरण एवं कृषि विविधीकरण पर फोकस

डीसी ने निरीक्षण क्रम में पंचायत सचिव श्रीमती प्रीति कुमारी को निर्देशित करते हुए कहा कि *ग्रामीणों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आम बागवानी, सब्जी उत्पादन एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों की ओर ज्यादा से ज्यादा प्रेरित करें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी/एफपीओ) के गठन एवं सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल देते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है।

लाभुकों के बीच पहुंचकर योजनाओं की स्थिति का किया मूल्यांकन

डीसी ने विभिन्न लाभुकों के घर एवं कार्यस्थल पर जाकर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुकों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों, लाभ एवं अपेक्षाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण क्रम में डीसी ने लाभुक श्रीमती प्रतिमा देवी, केरावती देवी एवं जिगनी वाला देवी के निर्माणाधीन अबुआ आवास – गुणवत्ता एवं निर्माण प्रगति की समीक्षा, लाभुक श्री लालदेव सिंह का बिरसा सिंचाई कूप – सिंचाई सुविधा की उपयोगिता एवं स्थिति का आकलन किया, लाभुक घनश्याम सिंह चौधरी एवं संजय कुमार महथा की एक-एक एकड़ आम बागवानी – पौधारोपण, रखरखाव एवं भविष्य की आय संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, चितामी के लाभुक निरूपदा देवी का गाय पालन शेड – पशुपालन के माध्यम से आय वृद्धि के प्रयासों को जाना।

डीसी ने लाभुकों को योजनाओं का समुचित लाभ उठाने तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

लंबित योजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कुछ योजनाओं में विलंब पाए जाने पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने पंचायत सचिव, मुखिया एवं बीडीओ को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट एवं प्रगति रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।

चास प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण

डीसी श्री अजय नाथ झा ने चास प्रखंड सह अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय परिसर, शौचालय एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण कर स्वच्छता बनाए रखने के प्रखंड विकास पदाधिकारी – अंचलाधिकारी को निर्देश दिए।

उन्होंने कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यशैली, उपस्थिति एवं जनसेवा से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली और समय पर कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने कहा कि आम जनता को कार्यालयों में बेहतर एवं त्वरित सेवाएं मिलनी चाहिए।

जनसेवक द्वारा भेंट की गई स्केच, किया प्रोत्साहित

निरीक्षण के दौरान चास प्रखंड कार्यालय जनसेवक श्री अवनी दास ने डीसी को उनका स्केच भेंट किया। डीसी ने इस रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतिभाएं समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

अपने दौरे के अंत में डीसी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गति लाकर ही क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN