17 मार्च को चास नगर निगम में शपथ ग्रहण व उपमहापौर का अप्रत्यक्ष निर्वाचन . . . .

प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा महापौर व वार्ड पार्षदों को दिलाई जाएगी शपथ, शपथ ग्रहण के बाद निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगा उपमहापौर पद का निर्वाचन

चास नगर निगम की निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास सुश्री प्रांजल ढांडा ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं उपमहापौर पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन आगामी 17 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में चास नगर निगम की निर्वाची पदाधिकारी (आरओ) सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास सुश्री प्रांजल ढांडा ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में शपथ ग्रहण एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 17 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से चास नगर निगम सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के दौरान सर्वप्रथम नव निर्वाचित महापौर को शपथ दिलाई जाएगी, जिसके पश्चात सभी वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। चास नगर निगम में शपथ ग्रहण प्रमंडलीय आयुक्त, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग द्वारा कराया जाएगा। शपथ ग्रहण का समय पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है।

उपमहापौर पद के लिए होगा अप्रत्यक्ष निर्वाचन

निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ ने बताया कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत चास नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षदों द्वारा उपमहापौर पद के लिए मतदान किया जाएगा। मतदान के दौरान पार्षदों को बैलेट पत्र पर प्रत्याशी के नाम के सामने क्रास का चिन्ह लगाना होगा।

मतदान से पूर्व वार्ड पार्षदों को वैध एवं अवैध मतों के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

निर्वाचन की निर्धारित समय-सारिणी

उपमहापौर पद के निर्वाचन की प्रक्रिया निम्न समय-सारिणी के अनुसार संपन्न होगी :—

 नाम निर्देशन पत्र दाखिल – पूर्वाह्न 11:30 बजे से 11:45 बजे तक

 नामांकन पत्रों की संवीक्षा – 11:45 बजे से 12:00 बजे तक

 वैद्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार – 12:00 बजे से 12:15 बजे तक

 अभ्यर्थिता से नाम वापसी – 12:15 बजे से 12:30 बजे तक

 मतपत्र की तैयारी – 12:30 बजे से 12:45 बजे तक

 मतदान – 12:45 बजे से 01:15 बजे तक

 मतगणना – 01:15 बजे से 01:45 बजे तक

 परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरण – 01:45 बजे से 02:00 बजे तक

निर्वाचन परिणाम घोषित होने के पश्चात उपमहापौर का शपथ ग्रहण अपराह्न 2:10 बजे कराया जाएगा। वहीं, चास नगर निगम में नव निर्वाचित उपमहापौर को महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाएगी।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह उपस्थित थे।

उधर, फुसरो नगर परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष का शपथ ग्रहण समारोह एवं उपाध्यक्ष पद का अप्रत्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम को लेकर सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ बेरमो श्री मुकेश कुमार द्वारा प्रेंस कांफ्रेंस कर जानकारी दी गई। फुसरो नगर परिषद में शपथ ग्रहण उपायुक्त श्री अजय नाथ झा द्वारा कराया जाएगा। शपथ ग्रहण दिनांक 17.03.2026 को पूर्वाह्न 11:15 बजे निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN