
जन जागरूकता के लिए मल्टी मीडिया का ज्यादा से ज्यादा करें इस्तेमाल, दवा क्यों खाएं ? और दवा खाते हुए पदाधिकारियों – चिकित्सकों का बैनर/पोस्टर लगाएं
समाज में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका – आम जनता की बेहतर स्वास्थ्य की देख रेख के लिए हैं आप
छूटे हुए क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से लोगों को खिलाएं दवा, जिला भी.वी.डी पदाधिकारी को दिया जरूरी दिशा – निर्देश

समाहरणालय स्थित सभागार में स्ष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण (एमडीए 2026) को लेकर 10 फरवरी से 25 फरवरी तक आयोजित अभियान की उपलब्धि का उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने क्रमवार किया समीक्षा
शेष लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 10 मार्च तक बढ़ी हुई अभियान तिथि का ज्यादा से ज्यादा करें इस्तेमाल

समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को स्ष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए-2026) अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने निर्देश दिया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन के बेहतर स्वास्थ्य से जुड़ा है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
जन-जागरूकता के लिए मल्टी मीडिया का अधिकतम उपयोग करें

उपायुक्त ने कहा कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा सेवन अत्यंत आवश्यक है। आम जनता को “दवा क्यों खाएं ?” इसका स्पष्ट संदेश देने के लिए मल्टी मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने निर्देश दिया कि दवा सेवन करते हुए पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों के बैनर/पोस्टर प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएं, ताकि लोगों में विश्वास बढ़े और वे स्वेच्छा से दवा का सेवन करें।
समाज में चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका
उपायुक्त ने चिकित्सकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में चिकित्सकों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आम जनता के बेहतर स्वास्थ्य की देखरेख के लिए चिकित्सक प्रेरक की भूमिका निभाएं और स्वयं आगे बढ़कर दवा सेवन के प्रति लोगों को जागरूक करें।
छूटे हुए क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से चलाएं अभियान
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ क्षेत्रों में लक्ष्य की प्राप्ति शेष है। इस पर उपायुक्त ने जिला भी.वी.डी. पदाधिकारी डा. रेणु भारती को निर्देश दिया कि छूटे हुए क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर सभी लोगों को दवा खिलाना सुनिश्चित करें। घर-घर संपर्क कर शेष लाभुकों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की जाए।
10 मार्च तक बढ़ी हुई तिथि का अधिकतम लाभ उठाएं

ज्ञात हो कि 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक संचालित एमडीए अभियान की तिथि को बढ़ाकर 10 मार्च 2026 तक कर दिया गया है। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ी हुई अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए शेष लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करें।
जानकारी हो कि, जिला स्वास्थ्य समिति (वैक्टर जनित रोग नियंत्रण केंद्र) द्वारा आयोजित बैठक में जिला भी.वी.डी पदाधिकारी डा. रेणु भारती ने बताया कि 10 से 25 फरवरी तक आयोजित फाईलेरिया रोकथाम व नियंत्रण (एमडीए-2026) को लेकर 10 से 25 फरवरी तक आयोजित अभियान में जिले के 24,23,681 लोगों को दवा खिलाना था, जिसमें 88.75 फीसदी को दवा खिलाया गया है, शेष लक्ष्य को प्राप्त करने की कार्रवाई जारी है।
बैठक में सिविल सर्जन डा. ए बी प्रसाद, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डा. एन पी सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डा. सुमन गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री जगरनाथ लोहरा, डा. सेलिना टुडू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, जेएसएलपीएस डीपीएम, सभी प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी, पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, संबंधित चिकित्सक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।