दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता ने की आत्महत्या, ससुराल पक्ष पर लगा गंभीर आरोप . . . .

बोकारो : दहेज उत्पीड़न का एक दर्दनाक मामला जिले में सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता ने प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान दे दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दामुडीह, थाना चंदनकियारी निवासी मनोज कुमार दास की पुत्री बेलणवी रविदास ने शुक्रवार दोपहर लगभग 1:30 बजे अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


पीड़िता के पिता मनोज दास ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की शादी 22 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से मुकेश कुमार दास, पिता स्व. लखी राम दास, निवासी ग्राम सिंहडीह, पोस्ट विजुलिया, जिला बोकारो से हुई थी।
शादी के बाद से ही पति मुकेश कुमार दास, सास पालो देवी और देवर अजय कुमार दास दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित करते थे। उन्होंने बताया कि शादी में करीब पाँच लाख रुपये के सामान दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग और अधिक दहेज की मांग कर रहे थे।

मनोज दास ने बताया कि पति मुकेश कुमार दास अक्सर बेटी को गालियाँ देता था, उसके चरित्र पर संदेह करता था और मोबाइल पर अभद्र संदेश भेजता था। लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी बेटी गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई थी।

घटना के दिन वह अपने मायके में दुर्गा पूजा देखने आई हुई थी। इसी दौरान घर में अकेली होने पर उसने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि मृतका ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें प्रताड़ना की पूरी बात लिखी गई है।

परिजनों ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की माँग की है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEN