
मंगलवार को कैंप-टू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) श्री अजय नाथ झा ने किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी उपकरणों की स्थिति तथा विधिक मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के समय अधिकारियों ने ईवीएम की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा बंदोबस्त, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अग्निशमन यंत्र, यूपीएस बैकअप तथा अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक माह ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण अनिवार्य है और मशीनों की सुरक्षा व क्रियाशीलता संबंधी प्रतिवेदन नियमित रूप से मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग, रांची को भेजा जाता है।

उपायुक्त ने निर्वाचन कार्यालय को निर्देश दिया कि समुचित प्रतिवेदन तैयार कर समय पर विभाग को प्रेषित किया जाए।
इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित थे।